(रणभेरी): उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति के अवकाश को लेकर पहले जारी आदेश में संशोधन कर दिया है। राज्य सरकार ने अब 14 जनवरी 2026 के स्थान पर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और बैंकों में उस दिन कामकाज पूरी तरह बंद रहेगा।
दरअसल, 17 नवंबर 2025 को जारी अवकाश सूची में मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी को केवल निर्बंधित (वैकल्पिक) अवकाश रखा गया था। इसका अर्थ था कि कर्मचारी अपनी आवश्यकता के अनुसार छुट्टी ले सकते थे, लेकिन कार्यालय खुले रहते। बाद में सरकार ने इस पर पुनर्विचार किया और त्योहार की सामाजिक व सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे सार्वजनिक अवकाश के रूप में मान्यता देने का निर्णय लिया।
नए आदेश के तहत 15 जनवरी 2026 को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत अवकाश रहेगा। इसका सीधा असर यह होगा कि उस दिन राज्य के सभी सरकारी विभाग, स्कूल-कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 14 जनवरी को अब कोई सार्वजनिक अवकाश नहीं होगा।
2026 में सार्वजनिक अवकाशों की संख्या बढ़ी
मकर संक्रांति को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश में राजकीय अवकाशों की कुल संख्या 25 से बढ़कर 26 हो गई है। पहले जारी सूची में 25 सार्वजनिक अवकाश निर्धारित थे, जबकि अब इसमें एक और दिन जुड़ गया है। इसके साथ ही निर्बंधित (ऑप्शनल) अवकाशों की संख्या 31 रह जाएगी। इसके अलावा वर्ष 2026 में कुछ त्योहार ऐसे भी हैं, जिनसे कर्मचारियों को लगातार छुट्टियों का लाभ मिलेगा।
गणतंत्र दिवस और होलिका दहन दोनों सोमवार को पड़ रहे हैं। इनके पहले शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण कई कार्यालयों में लगातार तीन दिन की छुट्टियां बनेंगी। सरकार के इस निर्णय से जहां आम कर्मचारियों और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, वहीं मकर संक्रांति जैसे प्रमुख पर्व को राजकीय मान्यता मिलने से इसकी सामाजिक महत्ता भी और अधिक स्पष्ट होगी।
