(रणभेरी): सोमवार को जिले में मौसम ने थोड़ी राहत दी। दिन का तापमान सामान्य से कम और रात भी अपेक्षाकृत ठंडी रही। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4 डिग्री नीचे था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 1 डिग्री कम था। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 50 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 25 प्रतिशत रह गई।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि मंगलवार यानी 7 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और तापमान बढ़कर 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन 8 अप्रैल से मौसम फिर बदल सकता है। इस दिन कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना जताई गई है। बारिश के असर से अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 9 अप्रैल को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
10 अप्रैल के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। 11 और 12 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। वहीं, पूर्वांचल के कुछ जिलों में 7 अप्रैल से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम की हलचल को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें।
