गाजियाबाद: चाय की दुकान पर दो युवतियों में मारपीट, वीडियो वायरल

गाजियाबाद: चाय की दुकान पर दो युवतियों में मारपीट, वीडियो वायरल

(रणभेरी): गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक चाय की दुकान के पास दो युवतियों के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, हालांकि पुलिस तक अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है।

जानकारी के अनुसार, वैभव खंड इलाके में स्थित ‘पांडे चाय वाला’ नामक दुकान युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। देर रात तक यहां युवकों-युवतियों की भीड़ लगी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार रात कुछ युवक-युवतियां दुकान पर मौजूद थे, तभी किसी बात को लेकर दो युवतियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों एक-दूसरे के बाल पकड़कर मारपीट करती नजर आ रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग करने की कोशिश की। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद किस कारण से हुआ और दोनों युवतियां कौन हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।

इंदिरापुरम थाना प्रभारी रविंद्र गौतम ने बताया कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक भीड़ जुटने के कारण कभी-कभी यहां विवाद की स्थिति बन जाती है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *