(रणभेरी): फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। फिल्म के एक किरदार को लेकर उठे विवाद के बीच कई जिलों में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
इन होर्डिंग्स में एक तरफ अखिलेश यादव की छवि को फिल्म के एक नकारात्मक किरदार से जोड़कर दिखाया गया है, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। पोस्टरों में पूर्व सपा सरकार के दौरान हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं का जिक्र है, वहीं मौजूदा सरकार की कार्रवाईयों को प्रमुखता दी गई है।

ये होर्डिंग्स ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक संगठन द्वारा लखनऊ सहित कई जिलों में लगाए गए हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर संगठन या राजनीतिक दलों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विवाद की जड़ फिल्म ‘धुरंधर-2’ का एक किरदार है, जिसे कथित तौर पर दिवंगत माफिया अतीक अहमद से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म में इस किरदार को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा दिखाने पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे राजनीतिक एजेंडा करार दिया है।

वहीं, सत्ता पक्ष के नेताओं ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा है कि अब सिनेमा में अपराध और अपराधियों की वास्तविक तस्वीर दिखाई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद फिल्म मनोरंजन से आगे बढ़कर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गई है।
