(रणभेरी): दिल्ली–सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। रामा हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जीएनएम की 21 वर्षीय छात्रा अंशु को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ने वाहन नहीं रोका और युवती को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार के बीच फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रफ्तार कम नहीं की। कुछ दूरी तक युवती को घसीटने के बाद वह वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल जा रही थी अंशु
मृतका अंशु काठा गांव की रहने वाली थी और जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार दोपहर अपने घर से रामा हॉस्पिटल की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। परिवार को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
हाईवे पर बढ़ते हादसों ने खड़े किए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही भरा ड्राइविंग स्टाइल निर्दोष लोगों की जान ले रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
