(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा प्रदेश की जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की सरकार आने का मतलब कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ना और महिलाओं की सुरक्षा पर संकट खड़ा होना है।
मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले भी कई चुनावों में समाजवादी पार्टी को नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में जनता ने सपा को पराजित किया और आगे भी उसे सत्ता से दूर रखेगी। उनके मुताबिक, 2024 के चुनाव में सपा ने किसी तरह मतदाताओं को भ्रमित कर अपनी सीटें बढ़ाईं, लेकिन यह स्थिति स्थायी नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की कोई संभावनाएं नहीं हैं और पार्टी पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में गुंडों और माफियाओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिससे जनता का भरोसा उठ चुका है।
वहीं, अखिलेश यादव द्वारा फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि सत्ता से बाहर रहने के कारण अखिलेश यादव हताश हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2047 तक भी उनके सत्ता में लौटने की कोई संभावना नजर नहीं आती।
