FIR दर्ज कराने की कीमत: बस्ती में 12वीं की छात्रा की घर में घुसकर हत्या

FIR दर्ज कराने की कीमत: बस्ती में 12वीं की छात्रा की घर में घुसकर हत्या

(रणभेरी): बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार आधी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 12वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा, जिसने कुछ महीने पहले अपने साथ हुए दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसे आरोपी युवक ने घर में घुसकर गोली मार दी। हमले में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, रात लगभग एक बजे पीछे के रास्ते से घर में घुसे हमलावर ने सो रही छात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उसके सिर में और दूसरी गर्दन में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर पास में सो रहा भाई जाग गया। जब वह कमरे की ओर दौड़ा तो आरोपी ने तमंचा लहराते हुए उसे धमकाया और मारपीट की।

मां ने बताया कि वह घर के बाहर सो रही थीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही अंदर भागीं तो हमलावर ने उन पर भी निशाना साधा, लेकिन गोली चूक गई। मां ने पीछा करने की कोशिश की, पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पहले दर्ज हुई थी पॉक्सो के तहत रिपोर्ट

परिवार का आरोप है कि आरोपी मंदीप, जो उसी गांव का निवासी है, पिछले दो वर्षों से छात्रा को परेशान कर रहा था। कुछ महीने पहले उसने कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद वह शादी के लिए दबाव डालता रहा और मना करने पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने लगा।

बताया गया कि 18 दिसंबर 2025 को कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी गई थीं। इस पर पीड़िता की मां ने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट और बाद में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा था।

FIR दर्ज कराने की कीमत: बस्ती में 12वीं की छात्रा की घर में घुसकर हत्या

बोर्ड परीक्षा दे रही थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, छात्रा के पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। वह मां और भाई के साथ गांव में रहती थी। भाई स्नातक का छात्र है, जबकि छात्रा 12वीं बोर्ड परीक्षा दे रही थी।

क्षेत्राधिकारी (एएसपी) श्यामाकांत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए असहनीय त्रासदी है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपी तक पुलिस की पहुंच क्यों नहीं बन सकी। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *