कमेंट से आगबबूला हुए पवन सिंह, लाइव पार्टी में मचा हंगामा, वीडियो वायरल

कमेंट से आगबबूला हुए पवन सिंह, लाइव पार्टी में मचा हंगामा, वीडियो वायरल

(रणभेरी): लखनऊ में भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह मंगलवार रात एक निजी पार्टी के दौरान अचानक गुस्से में आ गए। मंच से गीत गा रहे पवन सिंह भीड़ से आए एक कथित आपत्तिजनक कमेंट पर भड़क उठे और युवक की ओर बढ़ने लगे। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा।

घटना भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की जन्मदिन पार्टी की है, जिसमें पवन सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। मंच पर परफॉर्मेंस के दौरान जैसे ही भीड़ से कुछ कहा गया, पवन सिंह का मिजाज बदल गया। वायरल हो रहे वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे उस समय सकारात्मक माहौल में हैं। इसके बावजूद टिप्पणी दोहराई गई, जिसके बाद वे माइक हाथ में लेकर मंच के आगे बढ़ते नजर आए।

स्थिति बिगड़ती देख उनके आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसी दौरान भीड़ से आवाजें आने लगीं“भइया को रोक लो, नहीं तो मार देंगे।” कुछ ही पलों में सुरक्षाकर्मियों ने कथित युवक को घेर लिया और उसे कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया। बाहर ले जाते समय धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यक्रम के दौरान “कैमरा बंद करो” जैसी आवाजें भी सुनाई दीं।

गुंजन सिंह ने कराया शांत

हंगामे के बीच भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह मंच से नीचे उतरे और पवन सिंह को समझाकर पीछे ले गए। पार्टी में एक्ट्रेस महिमा सिंह की मौजूदगी भी चर्चा में रही। महिमा सिंह वही कलाकार हैं, जिनके साथ पवन सिंह की नजदीकियों और हालिया प्रोजेक्ट्स को लेकर पहले से अटकलें चल रही हैं।

तीसरी शादी की चर्चाओं से जुड़ा नाम

गौरतलब है कि 5 जनवरी को पवन सिंह के जन्मदिन पर उनकी पत्नी ज्योति सिंह द्वारा साझा किए गए एक वीडियो के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। उस वीडियो में पवन सिंह के साथ एक अभिनेत्री के खड़े होने और सिंदूर लगाए होने को लेकर सोशल मीडिया पर कयास लगाए गए, जिसके बाद तीसरी शादी की अटकलें जोर पकड़ने लगीं।

महिमा सिंह से पेशेवर नजदीकी

बताया जाता है कि पार्टी में मौजूद महिला कलाकार महिमा सिंह उत्तर प्रदेश के बांदा की रहने वाली हैं। वे पवन सिंह के साथ एक आगामी फिल्म में नजर आएंगी। दोनों का नया गीत ‘बानी लइका’ 5 जनवरी को ही रिलीज हुआ था, जिसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इससे पहले भी दोनों की तस्वीरें फिल्म के मुहूर्त और शूटिंग के दौरान वायरल हो चुकी हैं।

फिलहाल, लखनऊ की इस घटना को लेकर पवन सिंह या उनके प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित सितारे को सुर्खियों में ला दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *