बरेली में चूल्हे की आग में झुलसकर व्यक्ति की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली में चूल्हे की आग में झुलसकर व्यक्ति की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

(रणभेरी): बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित लभेड़ा दुर्गाप्रसाद गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। घर में खाना बनाते समय एक व्यक्ति की आग में झुलसकर मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय हरपाल के रूप में हुई है, जो अविवाहित थे और घर में अकेले रहते थे। उनकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही उनकी बहनें गांव पहुंचीं और भाई का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हरपाल अपने घर में मिट्टी के चूल्हे पर भोजन बना रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। कुछ देर बाद घर से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जब वे अंदर गए तो हरपाल बुरी तरह झुलसे हुए पड़े थे और तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार, हरपाल को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाते समय उन्हें दौरा पड़ा होगा, जिसके चलते वे बेहोश हो गए और चूल्हे की आग की चपेट में आ गए।

मीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि आग से झुलसने के कारण व्यक्ति की मृत्यु हुई है। हालांकि, परिवारजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना के बाद गांव में गहरा शोक व्याप्त है और लोग इसे एक दुखद हादसे के रूप में देख रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *