मायावती का बड़ा ऐलान: यूपी चुनाव बसपा अकेले लड़ेगी, गठबंधन की खबरें फेक

मायावती का बड़ा ऐलान: यूपी चुनाव बसपा अकेले लड़ेगी, गठबंधन की खबरें फेक

(रणभेरी): बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को साफ कर दिया कि पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन की चर्चा को पूरी तरह निराधार बताया। राजधानी लखनऊ में जारी बयान में उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर फैलाई जा रही खबरें “फेक और भ्रामक” हैं।

मायावती ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी दल बसपा को सत्ता से दूर रखने के लिए तरह-तरह की साजिशें करेंगे, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अंबेडकरवादी विचारधारा को मजबूत करने की अपील करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्मसम्मान आंदोलन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

.गठबंधन की अटकलों पर विराम

बसपा प्रमुख ने स्पष्ट कहा कि पार्टी के बारे में गठबंधन की चर्चाएं “मनगढ़ंत” हैं। उनका आरोप था कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी जैसी पार्टियों की सोच संकीर्ण है और ये लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करती रहती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2007 की तरह पूर्ण बहुमत का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।

टाइप-8 बंगले पर भी दिया स्पष्टीकरण

बसपा सुप्रीमो ने बताया कि सुरक्षा कारणों से लंबे समय बाद उन्हें दिल्ली में टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास मिला है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी भ्रामक बातें फैलाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

गेस्ट हाउस कांड का किया जिक्र

मायावती ने 2 जून 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड को याद करते हुए कहा कि उस समय उन पर जानलेवा हमला हुआ था और तभी से उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। उनके मुताबिक खतरा कम होने के बजाय समय के साथ और बढ़ा है, इसलिए उच्च सुरक्षा की व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे “हाथी की मस्त चाल” के साथ संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी तैयारियों में जुट जाएं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *