(रणभेरी) : महाकुंभ में अपने अनोखे व्यक्तित्व के कारण चर्चा में आए ‘आईआईटीयन बाबा’ अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं इस बार अपने विवाह को लेकर। लंबे समय बाद हरियाणा के झज्जर स्थित अपने घर लौटे अभय सिंह ने अपनी शादी का खुलासा किया, जहां उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि अभय सिंह की मुलाकात कर्नाटक की इंजीनियर प्रतीका से करीब एक वर्ष पहले हुई थी। धीरे-धीरे यह परिचय रिश्ते में बदला और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।
महाशिवरात्रि पर सादगी से विवाह
अभय सिंह के अनुसार, दोनों ने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित अघंजर महादेव मंदिर में पारंपरिक रीति से विवाह किया। इसके बाद 19 फरवरी को उन्होंने कानूनी रूप से कोर्ट मैरिज भी कर ली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाह को छिपाने की कोई मंशा नहीं थी, बल्कि वे अपने निजी जीवन को शांतिपूर्वक जीना चाहते थे।विवाह के बाद दंपति फिलहाल हिमाचल प्रदेश में रहकर सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

IIT से अध्यात्म तक का सफर
हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव निवासी अभय सिंह ने IIT Bombay से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान संन्यासी वेश में नजर आने के बाद वे अचानक चर्चा का केंद्र बन गए थे।
उन्होंने बताया कि अध्यात्म की ओर बढ़ते झुकाव ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
सनातन यूनिवर्सिटी का सपना
प्रतीका, जो स्वयं भी इंजीनियर हैं, ने अभय सिंह को सरल और सच्चा व्यक्तित्व बताया। दोनों मिलकर भविष्य में एक ऐसी यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना बना रहे हैं, जहां अध्यात्म, गुरु परंपरा और साधना से जुड़े लोग एक मंच पर आ सकें।फिलहाल यह दंपति अपने परिवार से मिलने झज्जर आया हुआ है। शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
