(रणभेरी): गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शादी समारोह में शामिल होने आई आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। मासूम शादी स्थल से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी में आई थी, अचानक हो गई लापता
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची मूल रूप से सिद्धार्थनगर की रहने वाली है। वह अपनी दादी के साथ उनके मायके, पीपीगंज क्षेत्र के एक गांव में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आई थी। शुक्रवार रात जयमाला कार्यक्रम के बाद परिजनों ने बच्ची को आसपास नहीं देखा। काफी तलाश के बावजूद जब वह नहीं मिली तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

ड्रोन फुटेज से मिला सुराग
परिवार और ग्रामीणों ने शादी में की जा रही ड्रोन रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में बच्ची गांव के ही एक युवक के साथ जाते हुए दिखाई दी। इसके बाद गांव में खोजबीन तेज कर दी गई।
200 मीटर दूर गंभीर हालत में मिली
देर रात समारोह स्थल से करीब 200 मीटर दूर सुनसान स्थान पर बच्ची घायल अवस्था में पड़ी मिली। वह खून से लथपथ थी। परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गांव में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
