वाराणसी (रणभेरी): राजधानी के गोसाईगंज इलाके में सोमवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। जौखंडी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। कई यात्री वाहन के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया बस की तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
