(रणभेरी): आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे एक ही गांव के श्रद्धालु आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक जलेसर रोड की ओर से लहराते हुए आ रहा था। बताया गया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला रहा था। ट्रक ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और उसे करीब 50 मीटर तक घसीटते ले गया, इसके बाद दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे लगभग 10 फीट दूर पेड़ से जा टकराए और फिर गड्ढे में पलट गए। एक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गया, उसकी छत तक उड़ गई। यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल धनप्रसाद और विजय सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतक थाना सहपऊ क्षेत्र के भादऊ गांव के निवासी बताए गए हैं। ये सभी 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे और शनिवार को जबलपुर होते हुए आगरा पहुंचे थे। गांव लौटने के लिए उन्होंने दो ऑटो किराए पर लिए थे। रास्ते में रामदत्त दवा लेने के लिए उतर गए थे, जिससे वह हादसे में बच गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं एडिशनल सीपी राम बदन सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओवरटेक के दौरान यह हादसा हुआ, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
