(रणभेरी) : होली के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों के लिए छह होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के अनुसार, पंजाब, उत्तराखंड, बिहार, कोलकाता और मुंबई रूट पर विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को त्योहार के दौरान राहत मिल सके।
फिरोजपुर–दानापुर के बीच एसी होली स्पेशल
गाड़ी संख्या 04616 फिरोजपुर-दानापुर होली स्पेशल दो और छह मार्च को फिरोजपुर से दोपहर 12 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन मोगा, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली होते हुए सुबह 5:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, बक्सर और आरा होते हुए शाम 5:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में 04615 दानापुर-फिरोजपुर होली स्पेशल तीन और सात मार्च को रात 9:10 बजे दानापुर से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8:15 बजे लखनऊ और रात 11:55 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में केवल एसी कोच लगाए गए हैं।
ऋषिकेश से कोलकाता के लिए विशेष ट्रेन
04312 योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता होली स्पेशल दो मार्च को रात 10:20 बजे ऋषिकेश से रवाना हुई। हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए यह ट्रेन सुबह 9 बजे आलमनगर और 9:48 बजे उतरेटिया पहुंचेगी। इसके बाद रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, गया, धनबाद, आसनसोल और वर्धमान होते हुए अगली सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में 04311 कोलकाता-योगनगरी ऋषिकेश होली स्पेशल चार मार्च को दोपहर 1:55 बजे कोलकाता से चलेगी और अगले दिन रात 10:25 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सुल्तानपुर से मुंबई (एलटीटी) के लिए भी सेवा
04212 सुल्तानपुर-एलटीटी होली स्पेशल सुबह 4 बजे सुल्तानपुर से चलकर 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। कानपुर, झांसी, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए दोपहर 12:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) पहुंचेगी। वापसी में 04211 एलटीटी-सुल्तानपुर होली स्पेशल तीन मार्च को दोपहर 2:35 बजे मुंबई से रवाना होगी। यह ट्रेन रात 8:50 बजे लखनऊ और 11 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेनों के फेरों में वृद्धि
यात्रियों की मांग को देखते हुए कुछ अन्य होली स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इनमें दानापुर-आनंदविहार, रक्सौल-उधना और धनबाद-दिल्ली रूट की साप्ताहिक व द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें 7 से 11 मार्च के बीच अतिरिक्त तिथियों पर चलाया जाएगा।
स्टॉपेज में आंशिक बदलाव
दानापुर-आनंदविहार होली स्पेशल (03257/03258) के सूबेदार और गोविंदपुरी स्टेशन पर ठहराव के समय में संशोधन किया गया है। दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव पांच मिनट का रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी की पुष्टि कर लें और निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें। होली के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आरक्षण और टिकट की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
