(रणभेरी): तीन साल पुराने रिश्ते का ऐसा दुखद अंत हुआ कि पूरे इलाके में मातम पसर गया। सड़क हादसे में प्रेमिका की मौत की खबर से टूटे 25 वर्षीय युवक ने दो दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसकी अंतिम इच्छा समझते हुए उसे प्रेमिका की कब्र के बगल में दफना दिया।
मामला लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के भागीरथ पट्टी, घाटमपुर उत्तरी गांव का है। यहां रहने वाला विनीत (25) तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह स्थानीय कपड़ा दुकान में काम करता था। उसी दुकान में अर्पिता नाम की युवती भी कार्यरत थी। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले तीन वर्षों से दोनों रिश्ते में थे।

25 फरवरी को हादसा, अगले दिन सदमे में टूटा युवक 25 फरवरी की दोपहर अर्पिता अपने भाई के साथ बाजार गई थी। इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अर्पिता की मौत हो गई। अगले दिन जब यह खबर विनीत तक पहुंची तो वह गहरे सदमे में चला गया। वह युवती के घर पहुंचा, जहां रोते-रोते बेहोश हो गया। परिजन उसे किसी तरह वापस घर लाए।परिवार के मुताबिक, हादसे के बाद से उसने खाना-पीना छोड़ दिया था और किसी से बातचीत भी नहीं कर रहा था। जब उसे पता चला कि अर्पिता को दफना दिया गया है तो वह सीधे कब्रिस्तान पहुंच गया। वहां उसने कब्र खोदने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे समझाकर रोक दिया।

दो दिन बाद बाग में मिला शव
इसके बाद विनीत घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर एक बाग में उसकी मौजूदगी का संकेत मिला। जब पुलिस और परिवार के लोग वहां पहुंचे तो युवक का शव पेड़ से लटका मिला।
जांच के दौरान उसकी जेब से एक पत्र बरामद हुआ, जिसमें उसने प्रेमिका के बिना जीवन जीने की इच्छा खत्म होने की बात लिखी थी। सोशल मीडिया पर भी उसका एक वीडियो सामने आया, जिसे आत्महत्या से पहले का बताया जा रहा है।
साथ जीने की चाह, साथ ही दफन
पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार शाम युवक का शव घर लाया गया। परिजनों ने उसे अर्पिता की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
