लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल हादसा: खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 यात्रियों की मौत, 31 घायल

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल हादसा: खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 यात्रियों की मौत, 31 घायल

(रणभेरी): लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। हादसा सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास हुआ, जहां मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें अलग-अलग समय पर एक ही खड़े ट्रक से जा भिड़ीं। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था।

इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पहले हादसे के बाद पुलिस क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर प्रीतमपुरा चौकी ले जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस भी उसी ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस दूसरी दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए।

दोनों घटनाओं के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और संभवतः बस चालकों को झपकी आने के कारण ये हादसे हुए। मामले की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *