(रणभेरी): राजधानी के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र (बीकेटी) में एक वेज बिरयानी की दुकान के फ्रीजर से 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दुकान पिछले चार दिनों से बंद थी। रविवार सुबह जब दुकानदार शटर खोलकर अंदर पहुंचा तो फ्रीजर में शव देखकर उसके होश उड़ गए।
जीसीआरजी कॉलेज के सामने की घटना
घटना GCRG College के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की दुकान की है। दुकान संचालक शनि रावत के पिता का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके चलते दुकान बंद थी। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे और फ्रीजर चेक किया तो अंदर एक युवक का शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

मोबाइल और आधार कार्ड से हुई शिनाख्त
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फ्रीजर से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान शव के पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान विजय पाल (35) निवासी किशनपुर मजरा, मदारीपुर इंदौरा बाग, बीकेटी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, विजय पाल मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करते थे। करीब पांच साल पहले उनका पत्नी से अलगाव हो गया था। उनकी एक बेटी है, जो मां के साथ रहती है। परिजनों ने बताया कि शनिवार को वह घर के पास दिखाई दिए थे, जिसके बाद पुलिस से उनके निधन की सूचना मिली।
पहले वाई-फाई इंस्टॉलेशन का काम करता था
मृतक के चचेरे भाई के मुताबिक, विजय पहले वाई-फाई लगाने का काम करते थे और कुछ समय दिल्ली में भी इसी काम से जुड़े रहे। पिछले कुछ समय से वह बीकेटी क्षेत्र में ही रह रहे थे। पत्नी से अलगाव के बाद वह शराब की लत का शिकार हो गए थे।

फ्रीजर जब्त न करने पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, लेकिन जिस फ्रीजर से शव बरामद हुआ, उसे मौके पर ही छोड़ दिया गया। इसके चलते स्थानीय लोगों ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
लोगों का कहना है कि क्राइम सीन को सुरक्षित रखना जरूरी था, लेकिन फ्रीजर को बिना सील किए छोड़ देना लापरवाही दर्शाता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
