(रणभेरी): शहर के एक निजी कॉलेज के छात्रों की फेयरवेल पार्टी के बाद की गई खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। छात्रों ने दर्जनों गाड़ियों का काफिला बनाकर सड़कों और खाली मैदान में जान जोखिम में डालकर स्टंट किए। इस दौरान दो कारों की आपस में टक्कर भी हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बीकेटी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। 10 फरवरी को इंटरमीडिएट की फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों का काफिला कॉलेज से निकला था। करीब 30 से अधिक गाड़ियों के साथ निकले छात्रों ने रास्ते भर हुड़दंग और खतरनाक करतब किए। वीडियो 14 फरवरी की रात सोशल मीडिया पर सामने आए।

छतों और खिड़कियों पर बैठकर बनाए वीडियो
वायरल क्लिप्स में देखा जा सकता है कि छात्र कारों की छतों पर बैठे और खिड़कियों से लटककर वीडियो शूट कर रहे हैं। कई गाड़ियां तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक करती नजर आ रही हैं। काफिले में थार, स्कॉर्पियो, अर्टिगा, डिजायर, स्विफ्ट और पंच जैसी गाड़ियां शामिल बताई जा रही हैं।
तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं—34, 44 और 17 सेकंड के। एक वीडियो में सड़क किनारे खड़े काफिले के रवाना होने का दृश्य है, जबकि दूसरे में गाड़ियां खाली मैदान में दौड़ती दिखती हैं। तीसरे वीडियो में रील बनाते समय दो कारों की टक्कर हो जाती है।

ट्रैफिक भी हुआ प्रभावि
तछात्रों की इस हरकत से सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही। कई गाड़ियों का काफिला एक साथ चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों ने खुद ही इन स्टंट्स के वीडियो अलग-अलग गानों और कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर साझा किए।

पुलिस ने शुरू की जांच
मामला वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। एसीपी बीकेटी के अनुसार, वीडियो के आधार पर शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
