गैस सिलिंडर न मिलने से बढ़ा विवाद, पत्नी घर छोड़ गई मायके

गैस सिलिंडर न मिलने से बढ़ा विवाद, पत्नी घर छोड़ गई मायके

एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल, उपभोक्ता ने बिना बुकिंग सिलिंडर जारी होने का लगाया आरोप

(रणभेरी): घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत अब पारिवारिक विवादों की वजह बनती जा रही है। ऐसा ही एक मामला बेवर कस्बे से सामने आया है, जहां गैस सिलिंडर न मिलने से नाराज एक महिला अपने मायके चली गई।

जानकारी के अनुसार, जीटी रोड निवासी शिव शंकर अग्रवाल का गैस सिलिंडर मार्च के दूसरे सप्ताह में खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने एजेंसी से नया सिलिंडर लेने का प्रयास किया। बुकिंग के दौरान उन्हें मोबाइल पर संदेश प्राप्त हुआ कि उनके नाम से पहले ही सिलिंडर जारी किया जा चुका है।

इस पर उन्होंने एजेंसी से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्होंने संबंधित तिथि पर न तो कोई बुकिंग कराई थी और न ही सिलिंडर प्राप्त किया था। ऐसे में सिलिंडर किसे दिया गया, यह सवाल अब भी अनुत्तरित है।

इधर, घर में गैस न होने से दैनिक कार्य प्रभावित होने लगे। कुछ दिनों तक वैकल्पिक व्यवस्था से खाना बनाया गया, लेकिन समस्या जस की तस रही। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बढ़ गया। बताया जाता है कि नाराज होकर महिला अपने मायके चली गई।

उपभोक्ता ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना उचित सत्यापन के सिलिंडर जारी किया जाना गंभीर त्रुटि है।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि इस तरह की अनियमितताएं उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *