प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे; राहत-बचाव जारी

प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे; राहत-बचाव जारी

(रणभेरी): प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ की इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय अंदर काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 20 मजदूर अंदर फंसे होने की आशंका है।

घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके पर पांच जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, जबकि SDRF और NDRF की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। अब तक नौ लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से कई घायल बताए जा रहे हैं।

हालांकि कुछ लोगों की मौत की खबर सामने आई है, लेकिन प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा जा रहा है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे; राहत-बचाव जारी

हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू हो गया, जिससे आसपास के लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में तेज बदबू फैल गई। स्थानीय लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश भी देखने को मिला और पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा।

प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे; राहत-बचाव जारी

यह कोल्ड स्टोरेज करीब 20 साल पुराना बताया जा रहा है। तीन मंजिला इस इमारत का लगभग 1500 वर्ग फीट हिस्सा ढह गया है। बताया जा रहा है कि यहां 100 से अधिक लोग काम करते थे।

प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने कहा कि राहत कार्य जारी है और मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही हताहतों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *