जयमाल के दौरान बवाल: सेल्फी को लेकर भड़का दूल्हा, दुल्हन को मारी लात; मारपीट में कई घायल, पंचायत के बाद हुई शादी

जयमाल के दौरान बवाल: सेल्फी को लेकर भड़का दूल्हा, दुल्हन को मारी लात; मारपीट में कई घायल, पंचायत के बाद हुई शादी

(रणभेरी): रामनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर कस्बे में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया, जब जयमाल के दौरान सेल्फी लेने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि स्टेज पर लगातार फोटो खिंचवाने से नाराज दूल्हे ने आपा खो दिया और दुल्हन को लात मार दी। समझाने पहुंचे दुल्हन के पिता से भी उसने धक्का-मुक्की की, जिसके बाद बाराती और घराती आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई। कुर्सियां और टेंट के पाइप चलने लगे। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं। दूल्हे की बहन और बहनोई भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

जयमाल के दौरान बवाल: सेल्फी को लेकर भड़का दूल्हा, दुल्हन को मारी लात; मारपीट में कई घायल, पंचायत के बाद हुई शादी

हंसी-खुशी के माहौल में शुरू हुई थी शादी

गणेशपुर निवासी एक मूर्तिकार ने अपनी बेटी का विवाह बहराइच के युवक से तय किया था, जो टाइल्स लगाने का काम करता है। 20 फरवरी की रात बारात धूमधाम से पहुंची। द्वारपूजा और स्वागत की रस्में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुईं। भोजन और जयमाल की तैयारियां चल रही थीं।

इसी दौरान दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और कुछ देर बाद दुल्हन भी जयमाल के लिए आई। स्टेज पर मौजूद लोग दूल्हे के साथ लगातार सेल्फी ले रहे थे। बताया जा रहा है कि मना करने के बावजूद जब लोग नहीं माने तो दूल्हा नाराज हो गया और विवाद की शुरुआत हो गई।

आरोप-प्रत्यारोप का दौर

दुल्हन और उसके परिजनों का कहना है कि दूल्हा नशे में था और उसने बिना किसी कारण मारपीट शुरू कर दी। पिता का आरोप है कि उन्होंने समझाने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने बताया कि शादी में लगभग सात लाख रुपये खर्च किए गए थे। वहीं दूल्हे का कहना है कि स्टेज पर मौजूद कुछ लोगों ने विवाद शुरू किया और उस पर शराब पीने का झूठा आरोप लगाया गया।

पंचायत के बाद हुआ समझौता

घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। बवाल के बाद गांव के संभ्रांत लोगों और पूर्व प्रधान दीपचंद शिल्पकार की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक पंचायत चली। तय हुआ कि मारपीट में हुए नुकसान की भरपाई दोनों पक्ष मिलकर करेंगे। टूटी कुर्सियों का लगभग पांच हजार रुपये का नुकसान आंका गया, जिसे आपसी सहमति से बांट लिया गया।इसके बाद सुबह करीब चार बजे से शादी की शेष रस्में संपन्न कराई गईं।

पुलिस ने कराया समझौता

रामनगर थाने के एसआई रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। आपसी सहमति के बाद मामला शांत हो गया।घटना के बाद इलाके में शादी समारोहों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *