गोरखपुर में भाजपा नेता की निर्मम हत्या: मॉर्निंग वॉक पर घेरकर 25 वार, मौत की तसल्ली के बाद भागे हमलावर

गोरखपुर में भाजपा नेता की निर्मम हत्या: मॉर्निंग वॉक पर घेरकर 25 वार, मौत की तसल्ली के बाद भागे हमलावर

(रणभेरी): गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा से जुड़े नेता राजकुमार चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी घर से करीब 500 मीटर दूर पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।

हमलावरों ने सिर, सीने और चेहरे पर 20 से अधिक वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार करीब 100 मीटर तक जान बचाकर भागे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर दोबारा हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात के बाद कुछ देर तक मौके पर ही रुके रहे और मौत की पुष्टि करने के बाद फरार हुए। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुई।

गोरखपुर में भाजपा नेता की निर्मम हत्या: मॉर्निंग वॉक पर घेरकर 25 वार, मौत की तसल्ली के बाद भागे हमलावर

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुशीला देवी घटनास्थल पर पहुंचते ही बेसुध हो गईं। बहन मोहनी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि “हमें न्याय नहीं, बदला चाहिए। परिवार का सहारा कौन बनेगा?” परिजनों ने पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई।

वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे और गोरखपुर-सोनौली मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को काबू में करने के लिए करीब 10 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब भीड़ नहीं मानी, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खाली कराया।

गोरखपुर में भाजपा नेता की निर्मम हत्या: मॉर्निंग वॉक पर घेरकर 25 वार, मौत की तसल्ली के बाद भागे हमलावर

पुलिस के अनुसार, मामले में 5-6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर 8 नामजद समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय राजकुमार चौहान ओबीसी समुदाय से आते थे और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बस्ती सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वह भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे थे और पार्टी के एक राज्यसभा सांसद के करीबी माने जाते थे।

राजकुमार अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वह पहले पार्षद प्रतिनिधि भी रह चुके थे और स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे। करीब एक साल पहले वह एक मारपीट के मामले में जेल भी जा चुके थे, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पैदल पहुंचे थे और उनकी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी थी। हमला अचानक पीछे से किया गया, जिससे राजकुमार संभल भी नहीं पाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *