संपत्ति की सनक में खून का खेल: प्रयागराज में बेटे ने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर कुएं में फेंकी लाशें

संपत्ति की सनक में खून का खेल: प्रयागराज में बेटे ने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर कुएं में फेंकी लाशें

(रणभेरी): प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई। सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही बड़े बेटे मुकेश पटेल ने की। आरोप है कि मुकेश ने अपने पिता राम सिंह, बहन साधना देवी और 14 वर्षीय भांजी आस्था का अपहरण कर पहले उनकी हत्या की, फिर तीनों शवों को कुएं में फेंक दिया।

राम सिंह (55), उनकी बेटी साधना देवी (21) और नातिन आस्था शुक्रवार रात करीब 11 बजे से लापता थे। आस्था, राम सिंह की बड़ी बेटी किरण की पुत्री थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी गई। सोमवार को पुलिस ने आरोपी मुकेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस शवों की बरामदगी में जुटी है।

संपत्ति की सनक में खून का खेल: प्रयागराज में बेटे ने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर कुएं में फेंकी लाशें

छोटे भाई पर फायरिंग से खुला राज

घटना की परतें तब खुलीं, जब शनिवार शाम मुकेश पटेल ने अपने छोटे भाई मुकुंद लाल पटेल पर फायरिंग कर दी। गोली मुकुंद के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद मुकेश मौके से फरार हो गया। अस्पताल से मुकुंद ने पिता के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन फोन बंद मिला। आशंका गहराने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जब मुकेश के घर पहुंची तो वहां ताला बंद मिला। मुकुंद की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया। घर के भीतर एक बिस्तर पर खून के धब्बे मिले, जिससे किसी बड़ी वारदात की पुष्टि हुई। इसके बाद पिता, बहन और भांजी की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

ड्रोन से तलाश, दो दिन चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में दो दिन तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। खेतों, कुओं और सुनसान स्थानों की ड्रोन से निगरानी की गई। इसी दौरान सोमवार को मुकेश पटेल को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते उसने तीनों की हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिए।

मुकेश ने यह भी कबूल किया कि पिता राम सिंह ने एक साल पहले अपनी जमीन और मकान छोटे बेटे मुकुंद के नाम कर दिए थे। इसी रंजिश में उसने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी ने यह भी कहा कि वह मुकुंद की भी हत्या करना चाहता था, लेकिन गोली लगने के बावजूद उसके बच निकलने से उसकी योजना नाकाम हो गई।

पुलिस का बयान

एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि तीनों के लापता होने के बाद लगातार तलाश की जा रही थी। सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसने हत्या की बात स्वीकार की है और शव कुएं में फेंकने की जानकारी दी है। टीमें मौके पर पहुंचकर शवों की बरामदगी में लगी हैं।

फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है। यह वारदात एक बार फिर संपत्ति विवाद में रिश्तों के खून से लाल हो जाने की भयावह तस्वीर पेश करती है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *