गोरखपुर में बड़ा हादसा: राप्ती नदी में नहाने गए 4 किशोरों की डूबकर मौत, सर्च ऑपरेशन के बाद मिले शव

गोरखपुर में बड़ा हादसा: राप्ती नदी में नहाने गए 4 किशोरों की डूबकर मौत, सर्च ऑपरेशन के बाद मिले शव

पीपा पुल के पास हुआ हादसा, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमों ने चलाया अभियान, एक साथी ने बचाई जान

(रणभेरी): गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में मिर्जापुर घाट स्थित पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने तीन अन्य लापता किशोरों के शव भी बरामद कर लिए। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, कैंट थाना क्षेत्र के रानीडीहा शिवमंदिर टोला निवासी अमन उर्फ बीरू राजभर (15), मालवीय नगर निवासी विवेक निषाद (15), जंगल सिकरी निवासी गगन पासवान (15) और रानीडीहा निवासी अनिकेत यादव (13) बुधवार दोपहर अपने एक अन्य साथी के साथ साइकिल से मिर्जापुर घाट पहुंचे थे।

पांचों किशोर पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने लगे। इसी दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे, जबकि एक साथी किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया। घटनास्थल से साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

अगले दिन सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया, जिसमें एक किशोर का शव मौके के पास मिला, जबकि बाकी तीन शव शुक्रवार को कुछ दूरी पर बरामद किए गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *