(रणभेरी): चेक बाउंस मामले में 11 दिन जेल में रहने के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव रिहा होकर सीधे अपने पैतृक गांव कुंडरा, जिला शाहजहांपुर पहुंचे। भतीजी की शादी की खुशियों के बीच आयोजित संगीत समारोह में उन्होंने परिवार के साथ जमकर डांस किया। उनका डांस वीडियो सामने आने के बाद गांव में उत्सव का माहौल है।
अभिनेता के बड़े भाई श्रीपाल यादव की बेटी की शादी गुरुवार को होनी है। बारात नोएडा से आएगी। बुधवार शाम को घर पर आयोजित संगीत कार्यक्रम में परिवार की महिलाएं और बच्चे भी डांस में शामिल रहे। रिहाई के बाद गांव पहुंचे अभिनेता का ग्रामीणों और प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
11 दिन तिहाड़ में रहे बंद
राजपाल यादव हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुए हैं। जेल से बाहर आने के बाद वह शादी की तैयारियों में शामिल हुए और कार्यक्रम के बाद नोएडा के लिए रवाना हो गए।
चेक बाउंस मामले में हुई थी सजा
वर्ष 2010 में फिल्म अता पता लापता के निर्माण के लिए अभिनेता ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के बाद समय पर भुगतान नहीं हो सका और दिए गए चेक बाउंस हो गए।
साल 2018 में कड़कड़डूमा कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई थी। बाद में मिली राहत खत्म होने पर दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्होंने फरवरी में आत्मसमर्पण किया था।रिहाई के बाद अब अभिनेता के घर में शादी की खुशियों ने फिर से रौनक लौटा दी है।
