आगरा में कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक, गांव खाली कराया; 6 बच्चों समेत 27 लोग अस्पताल में भर्ती

आगरा में कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक, गांव खाली कराया; 6 बच्चों समेत 27 लोग अस्पताल में भर्ती

(रणभेरी): जिले के पिनाहट क्षेत्र के कुकथरी गांव में गुरुवार रात एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस फैलते ही आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी, जबकि कई बच्चों को उल्टियां भी होने लगीं।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।हालात को देखते हुए पूरे गांव में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू पाया गया।

गांववालों के अनुसार, कुकथरी के पास दो कोल्ड स्टोरेज हैं। इनमें से समाधिया कोल्ड स्टोरेज से अचानक तेज बदबू के साथ अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में रहना भी मुश्किल हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर दूर भेज दिया गया।

आगरा में कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक, गांव खाली कराया; 6 बच्चों समेत 27 लोग अस्पताल में भर्ती

इस घटना में 6 बच्चों सहित कुल 27 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को एंबुलेंस के जरिए पिनाहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बीमार लोगों में कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाला मोहम्मद सलीम भी शामिल है, जो बरेली जिले के नवाबगंज का निवासी बताया जा रहा है।

अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि मरीजों को घबराहट और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज का वाल्व बंद कर दिया गया है और टीम अंदर जाकर स्थिति की जांच कर रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी की हालत गंभीर नहीं है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *