बाराबंकी में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, असैनी मोड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत

बाराबंकी में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, असैनी मोड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत

कोतवाली क्षेत्र में वारदात, लखनऊ से लौट रहे थे अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी

(रणभेरी): बाराबंकी में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत असैनी मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

ब्रिज पर घात लगाकर बरसाईं गोलियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी बलेनो कार से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज पर पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिवक्ता की मौत हो चुकी थी।

पुलिस महकमे में हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अर्पित विजयवर्गीय (पुलिस अधीक्षक) और विकास त्रिपाठी (अपर पुलिस अधीक्षक) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। सूत्रों के मुताबिक लखनऊ जोन एडीजी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

वजह अब तक साफ नहीं

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पुरानी रंजिश, पेशेवर विवाद या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। सवाल यही है कि जब वकील तक सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें?

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *