(रणभेरी): राजधानी के कालीदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश व देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा दोहराई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान की 76 वर्षों की यात्रा में देश ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत ने अपनी एकता और अखंडता को मजबूती दी है। उन्होंने ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक देशवासी एक नए भारत के निर्माण के साक्षी बन रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में चले स्वतंत्रता आंदोलन ने भारत को आज़ादी दिलाई। उन्होंने संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और नेताजी सुभाषचंद्र बोस सहित स्वतंत्रता संग्राम के सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम ने कहा कि इन महान विभूतियों के त्याग और बलिदान की बदौलत आज देश एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और हर नागरिक को संविधान प्रदत्त अधिकारों का लाभ मिल रहा है।
