सोशल मीडिया पर मंत्री संजय निषाद के साथ फोटो और रील्स भी चर्चा में
(रणभेरी): होली की रात गोरखपुर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से एक एमबीबीएस छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गिरफ्तार किया गया आरोपी गोल्डेन साहनी पुलिस हिरासत में भी बेखौफ अंदाज में चलता दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़े हुए हैं, लेकिन वह दोनों हाथ जींस की जेब में डालकर दबंग अंदाज में चलता नजर आ रहा है। इस दृश्य ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आरोपी के हौसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी गोल्डेन साहनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के साथ कई रील और तस्वीरें मौजूद हैं। एक फोटो में उसने मंत्री के साथ तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में उन्हें “फूफा” बताया है। इसके अलावा वह खुद को पिपरौली का भावी ब्लॉक प्रमुख भी लिखता रहा है।
होली की रात हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे मोहद्दीपुर–कौवाबाग ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। कुछ गाड़ियों को मामूली नुकसान हुआ, लेकिन स्कूटी सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर लगी।
इस हादसे में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आकाश पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं स्कूटी चला रहे उमेश शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उनकी भी मौत हो गई।

इकलौता बेटा था आकाश
मृतक आकाश पांडेय संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंघवा थाना क्षेत्र के बरगदवां गांव के निवासी थे। उनके पिता देवेंद्र नाथ पांडेय टेंट का व्यवसाय करते हैं। परिवार में आकाश ही इकलौते बेटे थे और गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। होली के दिन वह एक मित्र के घर से भोजन करके हॉस्टल लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

दूसरे मृतक उमेश परिवार के सहारा
दूसरे मृतक उमेश शर्मा गोरखपुर के गीता वाटिका क्षेत्र के रहने वाले थे और एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनके भाई डॉ. कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि उमेश होली के दिन अपनी बहन के घर से लौट रहे थे, तभी दुर्घटना हो गई।
आरोपी के खिलाफ पहले भी विवाद
घटना के बाद आरोपी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवती उससे छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बहस करती दिखाई दे रही है। वीडियो में आरोपी भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देता नजर आता है।
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
घटना से आक्रोशित बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्रों, इंटर्न डॉक्टरों और अन्य विद्यार्थियों ने गुरुवार को कैंडल मार्च निकालकर मृतक छात्र को श्रद्धांजलि दी। छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

