(रणभेरी): महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती क्षेत्र में आज एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रनवे के समीप क्रैश लैंडिंग के दौरान हुए इस हादसे में उप मुख्यमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार (66) का निधन हो गया। विमान में मौजूद अन्य चार लोगों की भी इस दुर्घटना में जान चली गई।
इस हादसे में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की रहने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर उनके गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग पिंकी को मिलनसार और व्यवहारकुशल युवती के रूप में याद कर रहे हैं।
जौनपुर के भैंसा गांव की थीं पिंकी माली
पिंकी माली केराकत तहसील के भैंसा गांव की निवासी थीं। परिजनों के अनुसार, वह शिव कुमार माली की पुत्री थीं। शिव कुमार चार भाइयों में एक हैं। परिवार मुंबई में रहकर जीवनयापन करता है। पिंकी की शादी हो चुकी थी और वह लंबे समय से एविएशन सेक्टर में कार्यरत थीं।
राजनीतिक परिवार से था संबंध
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली ने बताया कि पिंकी के पिता शिव कुमार माली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता हैं। जुलाई माह में उनकी मुंबई में उनसे मुलाकात हुई थी। इस हादसे की खबर से वे भी स्तब्ध हैं।

आठ वर्षों से एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थीं
पिंकी माली, जिन्हें दीपा माली के नाम से भी जाना जाता था, पिछले करीब आठ वर्षों से एयर होस्टेस के तौर पर काम कर रही थीं। उन्होंने अलग-अलग एयरलाइन और विमानों में अपनी सेवाएं दी थीं। अधिकतर उनकी ड्यूटी प्राइवेट और छोटे विमानों में लगती थी, जिससे उनका संपर्क कई बड़े नेताओं से भी रहा।
नवंबर 2021 में हुआ था विवाह
पिंकी की शादी नवंबर 2021 में बस्ती जिले के निवासी सोविकर सैनी से हुई थी। ढाई महीने पहले ही वह गांव आई थीं। पिंकी का जन्म और शिक्षा मुंबई में ही हुई थी। परिवार में वह तीन बहन-भाइयों में मंझली थीं। बड़ी बहन प्रीति माली और छोटा भाई करन माली है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। इस विमान हादसे ने न सिर्फ राजनीतिक जगत बल्कि पिंकी माली के गांव और परिवार को भी गहरे शोक में डुबो दिया है।
