हुबेई (चीन) – सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखी कलाकार ने तहलका मचा रखा है। 25 वर्षीय चेन किन अपने औजार नहीं, बल्कि अपने दांतों का इस्तेमाल कर गाजर से बारीक और जटिल मूर्तियां तैयार कर रही हैं। उनकी इस कला ने उन्हें रातों-रात इंटरनेट सनसनी बना दिया है और उनके फॉलोअर्स की संख्या 12 लाख से भी अधिक पहुंच चुकी है।
‘मुंह में छिपा 3D प्रिंटर!’
नेटिजन्स चेन के वीडियो देखकर अक्सर मजाक में कहते हैं कि उनके मुंह में कोई 3D प्रिंटर फिट है। चेन गाजर से ग्रेट वॉल ऑफ चाइना, येलो क्रेन टॉवर, ‘फीनिक्स मुकुट’ और मियाओ जनजाति की चांदी की टोपी जैसी जटिल कलाकृतियां तैयार करती हैं। अपनी कला की सच्चाई दिखाने के लिए वह पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड भी करती हैं।
कैसे शुरू हुआ यह सफर?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, चेन पेशे से प्रोफेशनल मूर्तिकार नहीं हैं। उन्होंने ग्राफिक डिजाइन और 3D मॉडलिंग की पढ़ाई की है। 2025 के स्प्रिंग फेस्टिवल के दौरान गाजर चबाते हुए उन्होंने महसूस किया कि गाजर से भी जटिल आकृति बनाई जा सकती है। तभी से उन्होंने डेंटिस्ट्री मूर्तिकला की अनोखी दुनिया में कदम रखा।
कला के लिए दर्द भी सहा
चेन अब तक 100 से अधिक मूर्तियां तैयार कर चुकी हैं। वे अपने खेत की गाजरों का इस्तेमाल करती हैं और बची हुई गाजरें जानवरों को खिला देती हैं। हालांकि, घंटों गाजर कुतरने से उनके जबड़े का आकार बदलने लगा है और अक्सर गाल व दांतों में दर्द रहता है। फिर भी, उनका जुनून कला के लिए कम नहीं हुआ।
