(रणभेरी): सोमवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर अहम जीत दर्ज की। इस मुकाबले में सबसे चर्चा का विषय बने रवींद्र जडेजा। मैच खत्म होने के बाद जडेजा ने अपनी पुरानी टीम चेन्नई को भावुक अंदाज में याद किया और खलील अहमद से मुलाकात के दौरान उनकी जर्सी पर बने चेन्नई का लोगो चूम लिया।
जडेजा ने कहा कि 12-13 साल एक ही फ्रेंचाइजी के साथ बिताने के बाद बदलाव आसान नहीं था। उन्होंने इसे करियर का हिस्सा मानकर स्वीकार किया और राजस्थान में नई शुरुआत को लेकर उत्साहित नजर आए। 17 साल बाद आईपीएल में लौटते हुए जडेजा ने हल्के अंदाज में कहा, “अब गुलाबी रंग अच्छा लग रहा है।” उन्होंने कहा कि टीम में आकर सीखने के साथ अपना अनुभव साझा करना उनका मकसद है।
मैच में जडेजा ने भी योगदान दिया। उन्होंने शिवम दुबे और सरफराज खान के विकेट लेकर राजस्थान की जीत में अहम भूमिका निभाई। दुबे को आउट करने के बाद उनका गन स्टाइल सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राजस्थान ने चेन्नई को 127 रन पर रोकते हुए सिर्फ 12.1 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल की।
रवींद्र जडेजा ने आईपीएल में अपना पहला कदम 2012 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रखा था। उस समय नीलामी में उन्हें 9.72 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। अब, राजस्थान में वापसी के साथ जडेजा ने फिर से अपने आईपीएल सफर को नई दिशा देने की ठानी है।
