रोहित शर्मा ने शतक जड़कर रचा इतिहास

रोहित शर्मा ने शतक जड़कर रचा इतिहास

(रणभेरी): भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खेला जा रहा है। दूसरे दिन के खेल में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने 171 गेंदों पर अपना 9वां टेस्ट शतक पूरा किया। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका पहला ही टेस्ट शतक है। उन्होंने 14 चौके और दो छक्कों की मदद से अपना शतक बनाया। कप्तान के रूप में रोहित का यह पहला टेस्ट शतक है।

पिछले साल ही विराट कोहली के पद छोड़ने के बाद रोहित को भारतीय टेस्ट टीम की भी कप्तानी मिली थी। रोहित शर्मा ने कप्तान के रूप में इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक ठोक दिया है। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले कप्तान हैं। विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज भी यह कारनामा नहीं कर पाए थे। 2017 में रोहित ने पहली बार वनडे और टी20 में कप्तानी की थी। अपनी पहली सीरीज में उन्होंने वनडे में श्रीलंका के खिलाफ 208 रन बनाए थे। उसी दौरे के टी20 मुकाबले में रोहित के बल्ले से 118 रनों की पारी खेली थी। इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित से पहले तीन ही कप्तान ऐसा कर पाए हैं। इसमें श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान, दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस और पाकिस्तान के बाबर आजम का नाम शामिल है। अब रोहित शर्मा का नाम भी इसमें शामिल हो गया है।