कांग्रेस नेता के 'जिन्ना के साथ थे सरदार पटेल' वाले बयान पर,संबित पात्रा बोले-यह तो चाटूकारिता की पराकाष्ठा

कांग्रेस नेता के 'जिन्ना के साथ थे सरदार पटेल' वाले बयान पर,संबित पात्रा बोले-यह तो चाटूकारिता की पराकाष्ठा

(रणभेरी): भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा के 'जिन्ना के साथ थे सरदार पटेल' वाले बयान पर हमला बोला है। आज भाजपा के नेता संबित पात्रा ने इस बयान पर एक प्रेस वार्ता कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि आज अखबारों में छपा है कि दो दिन पहले हुई कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी की बैठक में कश्मीर को लेकर कुछ सवाल उठे थे। बैठक में कश्मीर को लेकर भ्रम का माहौल बनाया गया। इस दौरान ये कहा गया कि सरदार पटेल जिन्ना से मिले हुए थे और कश्मीर को हिंदुस्तान से अलग रखने की कोशिश कर रहे थे। इतना ही नहीं इस दौरान यह भी कहा गया कि केवल नेहरू की वजह से जम्मू-कश्मीर  हिंदुस्तान में शामिल हो पाया। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता के इस तरह के विवादित बयान देने का एक ही मकसद है, वह है, गांधी परिवार की विरासत को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए और चाटुकारिता की पराकाष्ठा किस प्रकार बनाई रखी जाए।

पात्रा ने कहा कि जब हम सबके आदर्श सरदार पटेल के संबंध में ऐसी बातें कही जा रही थीं, तब क्या बैठक में उपस्थित सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने ये कहा कि ऐसी बातें नहीं कही जानी चाहिए। क्या उस नेता को पार्टी से निलंबित किया गया जिन्होंने इस तरह के विवादित बयान दिए। 

कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा ने16 अक्तूबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक में कश्मीर को लेकर चर्चा की।इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल और जवाहर लाल नेहरू की भूमिका पर भी बात की। इस बैठक में कर्रा ने कहा था कि जवाहर लाल नेहरू ने जम्मू कश्मीर को हिंदुस्तान में इंटीग्रेट करने का काम किया जबकि सरदार पटेल, जिन्ना के साथ मिलकर कश्मीर को पाकिस्तान को सौंपना चाहते थे। सीडब्ल्यूसी के कुछ सदस्यों ने कर्रा की बात पर हस्तक्षेप किया। उन्हें याद दिलाया कि पटेल भारत के एकीकरण में योगदान वाले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष थे।