नितिन अग्रवाल बने विधानसभा उपाध्यक्ष, सीएम योगी ने दी बधाई

नितिन अग्रवाल बने विधानसभा उपाध्यक्ष, सीएम योगी ने दी बधाई

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश विधानसभा के 18 वे भाजपा  समर्थित सपा विधायक नितिन अग्रवाल उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।विधानसभा मंडप में सोमवार को हुए मतदान में 396 विधायकों में से 368 विधायकों ने मताधिकार का उपयोग किया। भाजपा के नितिन अग्रवाल को 304 और सपा के नरेंद्र वर्मा को 60 मत प्राप्त हुए। 

बसपा और कांग्रेस ने विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव का बहिष्कार किया।भाजपा उम्मीदवार को मिले तीन और सपा उम्मीदवार के एक मत सहित कुल चार मत खारिज हुए। विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव में भले ही भाजपा समर्थित नितिन अग्रवाल भारी बहुमत से जीते हैं, लेकिन सपा 46 वोटों के दम पर चुनाव मैदान में उतरी सपा ने 60 वोट हासिल कर बढ़त हासिल की है।

बसपा और कांग्रेस के बहिष्कार और सपा के विरोध के बीच विधानसभा मंडप में विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे शुरू हुए मतदान में पहला मत कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने डाला। दोपहर तीन बजे तक चले मतदान में 396 विधायकों में से 368 विधायकों ने मतदान किया। मतगणना के बाद दोपहर 3.50 बजे विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण ने परिणाम जारी करते हुए नितिन अग्रवाल को विधानसभा उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने नव निर्वाचित विधानसभा उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नितिन के अनुभव का लाभ सदन को मिलेगा।सपा के 49 विधायकों में से प्रसपा के अध्यक्ष एवं सपा विधायक शिवपाल यादव, सपा से निष्कासित हरिओम अनुपस्थित रहे। जबकि एक नितिन अग्रवाल खुद भाजपा समर्थित उम्मीदवार थे। ऐसे में सपा उम्मीदवार को पार्टी के 46 वोटों के सापेक्ष 15 वोट ज्यादा मिले है। सपा उम्मीदवार नरेंद्र वर्मा को 60 वैध मत मिले जबकि उनका एक वोट खारिज किया गया।
 
नितिन अग्रवाल को विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि नितिन अग्रवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं।सीएम योगी ने आगे लिखा कि मुझे प्रसन्नता है कि नितिन अग्रवाल के रूप में युवा के साथ-साथ एक अनुभवी सदस्य को आज उत्तर प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में सदन में निर्वाचित किया गया है। उन्होंने लिखा कि समाजवाद की विरोधी समाजवादी पार्टी के लिए उनका परिवार ही पार्टी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लिए 'पूरा प्रदेश' ही परिवार है।