NDA ने बिहार में मारी बाज़ी, महागठबंधन महज 34 सीटों पर सिमटा

NDA ने बिहार में मारी बाज़ी, महागठबंधन महज 34 सीटों पर सिमटा

(रणभेरी): बिहार में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। एनडीए गठबंधन ने 243 विधानसभा सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल कर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 122 सीटें जरूरी थीं। एनडीए की यह जीत स्पष्ट रूप से उनके पक्ष में भारी जनादेश का संकेत है।

भाजपा और JDU ने इस बार 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उनके अन्य सहयोगियों LJP को 29, HAM और RLM को 6-6 सीटें दी गई थीं। नतीजों के अनुसार, भाजपा 91 सीटों, JDU 83 सीटों, LJP 19 सीटों, HAM 5 सीटों और RLM 4 सीटों पर विजयी रही। महागठबंधन के खाते में केवल 34 सीटें आई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एनडीए की जीत पर ट्वीट करते हुए लिखा कि “एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सहयोगियों चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।”

इससे पहले, इस साल 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। उसके पहले हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तथा लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भी मोदी पार्टी कार्यालय गए थे।

कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने बिहार चुनाव के रुझानों पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “यह फर्स्ट रुझान है। इसमें बदलाव की गुंजाइश है। लेकिन जो पैटर्न दिख रहा है, उसमें कुछ खेल जरूर हुआ है। यह पूरे देश में वोट मैनिपुलेशन और वोट चोरी पर बहस को रोक नहीं सकता।”

सुबोधकांत सहाय ने आगे कहा कि नीतीश कुमार अगर अच्छा कर रहे हैं तो यह अच्छी बात है, लेकिन बीजेपी के साथ उनके गठबंधन और राज्य में वोटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठना लाजिमी है। बिहार चुनाव का यह नतीजा राज्य में राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल सकता है और अगले पांच साल के लिए सरकार की दिशा तय करेगा।