देर रात में दो मंजिला मकान हुआ धराशाई, पांच लोगों की मौत और छह घायल

देर रात में दो मंजिला मकान हुआ धराशाई, पांच लोगों की मौत और छह घायल

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रोजा अर्जन में गुरुवार की देर रात लगभग साढ़े 11 बजे जर्जर दो मंजिला कच्चा मकान धराशाई हो गया। इस दौरान आधा दर्जन लोग मलबे में दब गए। जानकारी होने के बाद जिला व पुलिस प्रशासन राहत कार्य में जुट गया। आधी रात करीब एक बजे पांच लोगों की मौत और छह लोगों के घायल होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने दी है। हालांकि, इसके बाद भी मलबे की तलाश की जा रही है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

11 बजे परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे वहीं कुछ लोग बैठकर बातें कर रहे थे कि इसी दौरान पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसमें चांदनी (18), शन्नो (55), गयासुद्दीन (17),  मोहम्मद असाउददीन ( 19), हेरा( 10) व स्नेहा (12), संजीदा (37), मोहम्मद कैफ (8), मिस्बाह (18) व पड़ोस के अजीमुल्लाह (68)दब गए। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने संजीदा पुत्री जमालुद्दीन, अजीमुल्ला पुत्र कतवारू, मोहम्मद कैफ पुत्र जमालुद्दीन,  मोहम्मद सेफ पुत्र जमालुद्दीन व मिस्वाह पुत्री जमालुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। 

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों के रात में दबे होने की वजह से आधी रात के बाद भी राहत और बचाव कार्य चलता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की  देखरेख में पूरा राहत अभियान चल रहा है। लोगों के फंसे होने की आशंका में राहत व बचाव कर्मी सम्भलकर कदम मलबे पर उठा रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद जौनपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।