बिल वापस नहीं तो घर वापस नहीं- टिकैत

बिल वापस नहीं तो घर वापस नहीं- टिकैत

(रणभेरी): देशभर के किसान आज मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में होने वाली महापंचायत को लेकर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी है। जिले के बॉर्डर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत समेत अनेक खापों के चौधरी पंचायत स्थल पर मौजूद हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी महापंचायत में आए हैं और केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक यह आंदोलन सफल नहीं होगा तबतक वह घर वापस नहीं लौटेंगे

किसान नेताओं ने बताया कि वह केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में हुंकार भरेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार महापंचायत में देशभर के 300 से ज्यादा सक्रिय संगठन शामिल होंगे। इनमें 60 किसान संगठन होंगे। 40 किसान संगठन अग्रणी भूमिका में रहेंगे और 20 किसान संगठन सहयोग करेंगे। बाकी कर्मचारी, मजदूर, छात्र, शिक्षक, रिटायर्ड अधिकारी, सामाजिक, महिला आदि संगठन शामिल रहेंगे। वहीं, बीकेयू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि अगर हमें रोका गया तो बैरियर तोड़ देंगे।

किसान महापंचायत में महिलाओं की बढ़चढ़कर भागीदारी नजर आ रही है। हरियाणा राज्य से काफी संख्या में महिलाएं किसान दलों के साथ पंचायत स्थल पर पहुंची है। बता दें कि कर्नाटक के भी कई किसान दल महापंचायत में शामिल होने पहुंचे हैं। राकेश टिकैत का हरे, नारंगी और सफेद गमछे हवा में लहराकर स्वागत किया और महापंचायत को शुरू कराने की हामी भरी। पंचायत स्थल पर भारी संख्या में युवा किसान नजर आए। किसानों का उत्साह किसी उत्सव से कम नहीं लग रहा है। इस महापंचायत को किसान एक पर्व की तरह देख रहे हैं। जिले के अलमासपुर चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक किसानों की जबरदस्त भीड़ एक रेले के रूप में बढ़ रही है। सफेद कमीज व कुर्ता पायजामा, सिर पर हरी टोपी और गमछा लिए किसानों की लंबी लाइनें दूर तक नजर आ रहीं हैं। 

इस महापंचायत पर प्रियंका ने कहा कि किसान इस देश की आवाज है

मुजफ्फरनगर में महापंचायत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसान इस देश की आवाज हैं। किसान देश का गौरव हैं। किसानों की हुंकार के सामने किसी भी सत्ता का अहंकार नहीं चलता। खेती-किसानी को बचाने और अपनी मेहनत का हक मांगने की लड़ाई में पूरा देश किसानों के साथ है।

जब तक मांग पूरी नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा

मंच से टिकैत ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार झूठी है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों को गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति कुंतल नहीं मिला। अब जब तक मांग पूरी नहीं होगी दिल्ली में आंदोलन जारी रहेगा। पूरे देश में संयुक्त मोर्चा आंदोलन करेगा। जब तक यह आंदोलन सफल नहीं होगा तबतक घर वापस नहीं लौटूंगा।

किसान मोर्चा की तरफ से  27 सितंबर को भारत बंद करने का ऐलान

संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से एलान कर दिया गया है कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत 27 सितंबर को भारत बंद किया जाएगा। इसके अलावा यह भी एलान किया गया कि अब संयुक्त किसान मोर्चा का गठन देश के प्रत्येक राज्य में और प्रत्येक जिले में भी किया जाएगा। 

11 सितंबर को लखनऊ में होगी अहम बैठक

आगामी 10 और 11 सितंबर को लखनऊ में तमाम किसान संगठन के पदाधिकारियों की एक अहम बैठक होगी, जिसमें प्रदेश स्तर और जिला स्तर पर संयुक्त मोर्चा बनाए जाने पर मुहर लगाई जाएगी। वही महापंचायत के दौरान संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों में बलदेव सिंह राजेवाल, गुरनाम सिंह चड्डूनी, राकेश टिकैत समेत सभी पदाधिकारियों ने मंच से एलान किया कि यूपी मिशन की सोच के साथ महापंचायत की गई थी लेकिन अब यह पूरे देश का मिशन है।