यूपी में बसपा को बड़ा झटका, 6 विधायक और एक भाजपाई भी सपा में शामिल

यूपी में बसपा को बड़ा झटका, 6 विधायक और एक भाजपाई भी सपा में शामिल

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ही बसपा को बड़ा झटका लगा है। बसपा के छह विधायक शनिवार को सपा में शामिल हो गए। इन्हें अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है। ये विधायक लंबे समय से अखिलेश के संपर्क में थे। वहीं, एक भाजपा विधायक ने भी सपा की सदस्यता ले ली। यूपी चुनाव से पहले यह बसपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश इतना है, जनता इतनी दुखी है कि आने वाले समय में भाजपा का सफाया हो जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा, बहुत सारे ऐसे लोग हैं, जो सपा में आना चाहते हैं। आने वाले समय में तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। अखिलेश ने कहा, भाजपा ने घोषणापत्र के वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा ने वादा किया था कि 2022 तक किसानों की दोगुनी हो जाएगी।लेकिन आज किसान ये जानना चाहता है कि किसानों की आय दोगुनी कब होगी। आज सभी जरूरी सामान महंगा हो गया। भाजपा के लोग पन्ना प्रमुख बनाते हैं और अपने घोषणा पत्र का पन्ना पलटना भूल जाते हैं। अभी तक बच्चों को लैपटॉप और टैबलेट नहीं दे सके हैं।वहीं, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के बारे में अखिलेश ने कहा कि उनका सम्मान रखा जाएगा। वह भी हमारे ही साथ रहेंगे।

सदस्यता लेने वाले विधायक:

  •  हरगोविंद भार्गव सिधौली, सीतापुर
  •  असलम चौधरी धौलाना, हापुड़
  •  असलम राइनी, श्रावस्ती
  • हाकिम लाल बिन्द, हंडिया, प्रयागराज
  • मुज्तबा सिद्दीकी  प्रतापपुर प्रयागराज
  • भाजपा के सीतापुर सदर के विधायक राकेश राठौर सपा में शामिल हो गए