पुलिस रिमांड में आशीष की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

पुलिस रिमांड में आशीष की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

(रणभेरी): लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के मुख्य आरोपी केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आशीष को डेंगू हो गया है। जेल के अस्पताल में इलाज चल रहा था पर तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया है जहां डेंगू का इलाज चल रहा है। आशीष मिश्रा को पुलिस ने शुक्रवार की शाम 48 घंटे के लिए रिमांड पर लिया था। आशीष मिश्रा जब जेल से बाहर आए और पुलिस उनको अपने साथ क्राइम ब्रांच ले गई तो उनकी तबीयत कुछ ठीक नहीं थी। बाहर आने से पहले जेल में उनके कुछ टेस्ट हुए थे। उनको बुखार की शिकायत थी। बताया जाता है कि शनिवार को उनकी टेस्ट रिपोर्ट आई, जिसमें वह डेंगू पॉजिटिव पाए गए। पुलिस ने दोबारा चेक करने के लिए मोनू का फिर से मेडिकल कराया। जिसमें भी वह डेंगू पॉजिटिव पाए गए।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में तीन अक्तूबर 2021 को हुई हिंसा में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी, जिसमें चार किसान, दो भाजपा कार्यकर्ता, एक ड्राइवर व एक पत्रकार शामिल है। इस मामले में दोनों पक्षों से दो मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिसमें एक पक्ष से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष मिश्र मोनू मुख्य आरोपी बनाए गए हैं। जांच कर रही पर्यवेक्षण समिति ने अब तक कुल 13 लोगों की गिरफ्तारियां की हैं, जिनसे पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने का सिलसिला जारी है। 

आशीष मिश्रा की दोबारा रिमांड मंजूर
इससे पहले लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्र की दोबारा रिमांड मंजूर हुई थी। शुक्रवार को 24 अक्तूबर 5:00 बजे तक की रिमांड मिली थी। पुलिस ने कोर्ट से रिमांड की मांग की थी, जज ने दो दिन रिमांड की मंजूरी दे दी।  इससे पहले लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में सीजेएम अदालत से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद गुरुवार को मुख्य आरोपी के रूप में नामजद आशीष मिश्र मोनू ने जिला जज मुकेश मिश्र की अदालत में जमानत प्रार्थना पत्र अपने वकील के जरिए पेश किया था।जमानत अर्जी में खुद को निर्दोष बताते हुए आशीष मिश्र मोनू ने बताया कि उसे झूठा फंसाया गया है। जिला जज मुकेश मिश्र ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 28 अक्तूबर की तिथि मुकर्रर की है।