आदित्यनाथ की सरकार को तिरंगे से लगता है डर-संजय सिंह

आदित्यनाथ की सरकार को तिरंगे से लगता है डर-संजय सिंह
  • "आप" के तिरंगा यात्रा पर पुलिस का पहरा
  • प्रदेश प्रभारी संजय सिंह सहित 26 कार्यकर्ता हिरासत में
  • कचहरी से मलदहिया तक आयोजित तिरंगा यात्रा को प्रशासन ने बताया अवैध
     

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में तिरंगा संकल्प यात्रा का नेतृत्व करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह को आज कमिश्नरेट पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाबतपुर से शहर की ओर आते वक्त सुबह उन्हें शिवपुर में सड़क पर रोककर देर तक हुई नोक-झोक के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान सांसद संजय सिंह बार-बार पुलिस से उस आदेश की प्रति मांग रहे थे जिसके आधार पर उन्हें पुलिस ने रोका था। उन्होंने कहा कि वाराणसी में हर पार्टी रैली कर रही है। किसी को भी आने से नहीं रोका गया। मुझे किस कानून के तहत रोका जा रहा है। मैं कहां जा रहा हूं, किस काम से आया हूं, इससे पुलिस को कोई मतलब नहीं होना चाहिए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिए जाने की वजह तिरंगा यात्रा की परमिशन न होना बताई। पुलिस ने कहा है कि, सांसद संजय सिंह तिरंगा यात्रा की परमिशन न मिलने के बावजूद उसमें शामिल होने जा रहे थे।

हिरासत में संजय सिंह ने कहा कि भाजपा को तिरंगे से लगता है डर। आदित्यनाथ की सरकार को तिरंगे से लगता है डर। उत्तर प्रदेश में हत्या करने की छूट है डकैती की छूट है लेकिन तिरंगा यात्रा की इजाजत नहीं। मैंने नियम नहीं तोड़े। उन्होंने कहा कि, "मैं पॉर्लियामेंट का मेंबर हूं..एसपी साहब ऐसा बर्ताव ठीक नहीं। उन्होंने कहा, पुलिस मुझे किसलिए रोक रही है?" सांसद संजय सिंह ने कहा कि, "पहले से यहां राजनीतिक पार्टियां खूब रैली कर रही हैं, उन्हें नहीं रोका गया? हमसे क्यों नफरत है, आपने किस आधार पर रोका? क्या तिरंगा यात्रा निकालना देश में अवैध है, आप मुझे प्रशासन के आदेश की प्रति दिखाइए कि क्या लिखा है, क्या आदेश आपको दिया गया है? सांसद ने कहा कि, "आप ऐसे ही किसी को उठाकर नहीं ले जा सकते। हमने गुनाह नहीं किया, आप सांसद को कैसे रोक सकते हैं?"

उधर, एसपी समेत कई पुलिस अफसरों ने कार में बैठे सांसद से बाहर निकलने को कहा। पुलिस ने उन्हें कहा कि, आप बिना अनुमति लिए सियासी यात्रा कर रहे हैं। आपको पहले सूचित करना चाहिए था, ऐसे आने के लिए अनुमति लेनी होती है।

विदित हो की आप नेता संजय सिंह वाराणसी में कचहरी से लहुराबीर के बीच तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने हेतु आज बनारस आये थे। हालांकि इस यात्रा को जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी। बावजूद इसके संजय सिंह अपने पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने की तैयारी में जुटे थे। संजय सिंह की गिरफ्तारी से कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है। सांसद को हिरासत में लिए जाने के बाद वाराणसी के मीडिया प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया की अगली सूचना तक के लिए तिरंगा यात्रा स्थगित की जाती है।  

सभापति से लगाई गुहार 

हिरासत में लिए जाने के बाद आप सांसद संजय सिंह ने राज्य सभा के सभापति से गुहार लगाई। उन्होंने अपने लेटर हेड पर एक पत्र लिखकर ट्वीटर पर पोस्ट किया जिसके माध्यम से यह कहा कि “माननीय सभापति जी मुझे गैरकानूनी ढंग से वाराणसी शिवपुर में भारी पुलिस बल के साथ रोका गया है। मेरे साथ कोई भी घटना घटित हो सकती है। कृपया तत्काल हस्तक्षेप करें।“

तिरंगा यात्रा होकर रहेगी

"तिरंगा यात्रा से सरकार को किस प्रकार का डर है यह बात समझ में नही आ रही।भारत की आन,बान और शान तिरंगा की यात्रा का विरोध आदित्यनाथ की सरकार आखिर क्यों कर रही है? इसके पूर्व आगरा,नोएडा,लखनऊ सहित अयोध्या में भी यह यात्रा हो चुकी है लेकिन वाराणसी की यात्रा पर रोक लगा दी गई।  तिरंगा यात्रा जल्द ही वाराणसी में होगी, एक बार नही हजार बार यदि रोकेंगे तो भी तिरंगा यात्रा होकर रहेगी। जल्द ही इसके लिए अगली तिथी का एलान करूंगा।"