'आप' की मंशा भारत को दुनिया में नंबर 1 देश बनाने की

'आप' की मंशा भारत को दुनिया में नंबर 1 देश बनाने की

वाराणसी(रणभेरी)। आम आदमी पार्टी के बढ़ते कुनबे को देखकर अब 'आप' को किसी छोटी मोटी पार्टी समझना गलत होगा। ऐसा इसीलिए क्यूंकि वर्तमान में सत्ता पक्ष के विरोध और निशाने पर जो अपनी पैठ ज़माने में कामयाब हुई वो आप (आम आदमी पार्टी) ही है। इसी पैठ को बरक़रार रखने को अब 'आप' यूपी के सियासी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए जद्दोजहद कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह वाराणसी पहुंचे। आम आदमी पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था जिसका उद्देश्य आगामी  निकाय चुनाव के मद्देनज़र रणनीति तय करना रहा। पूर्व सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।

आर्थिक विषमता की स्थिति यह है कि देश के 92 लोगों के पास 55 करोड़ लोगों के बराबर संपत्ति है। बेरोजगारी, किसानी, महंगाई का मुद्दा यदि राजनीति के केंद्र में शामिल हो जाए तो जाति व धर्म की राजनीति करने वालों की दुकान बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे दमखम के साथ निकाय चुनाव में उतरेगी। नगरीय क्षेत्र में दुर्दशा, नगर निगमों में भ्रष्टाचार का मुद्दा लेकर जनता के बीच जाएंगे। देश की परिस्थितियों के बारे में भी चर्चा होगी। भारत भूखमरी के मामले में विश्व के 116 देशों की सूची में 101वें स्थान पर है। खाने की चीजों पर टैक्स लगने की वजह से महंगाई बढ़ी है। यहां तक कि कैंसर समेत जीवनरक्षक दवाइयों पर कर लगा दिया गया। 

भाजपा बेचने पे तुली सरकारी संपत्ति 

सरकार भारत की साढ़े छह लाख करोड़ की संपत्ति बेच रही है। सड़क, बिजली, पानी, रेलवे आदि बेचा जा रहा है। उन्होंने तमाम कंपनियों के नाम गिनाए। कहा कि इसको लेकर संसद में भी कई बार मुद्दा उठाया गया। हर बार सरकार यह कहकर पल्ला झाड़ लेती है कि कंपनी घाटे में चल रही थी, इसलिए बेच दी। हालांकि यह समझने की बात है कि कोई भी व्यापारी घाटे वाली कंपनियां नहीं खरीदेगा। देश की मुनाफा कमाने वाली कंपनियां बेची जा रही हैं। 

निकाय चुनाव में पार्टी नगरों की समस्याओं को मुद्दा बनाएगी

आप की मंशा भारत को दुनिया में नंबर वन देश बनाने की है। इसके लिए अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य, बिजली-पानी व मूलभूत सुविधाएं जनता को मुफ्त अथवा न्यूनतम दम पर देनी होगी। निकाय चुनाव में पार्टी नगरों की समस्याओं को मुद्दा बनाएगी। काशी को क्योटो बनाने की पीएम की घोषणा पर भी उन्होंने तंज कसा। बोले, बीएचयू में स्ट्रेचर न मिलने से बहुत सारे मरीजों के एंबुलेंस में दम तोड़ने की खबरें मीडिया में आ रही हैं। बनारस के बुनकर त्राही-त्राही कर रहे हैं। भूखमरी के कारण आत्महत्या करने को मजबूर हैं। काशी के बुनकर 11 हजार करोड़ रुपये टैक्स सरकार को देते हैं। इसके बदले मात्र 900 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने में सरकार उन्हें नाको चने चबवा रही है। कारीडोर बनाने के नाम पर सैकड़ों दुकानें उजाड़ी गईं। आज वे व्यापारी भटक रहे हैं। आप उनकी भी लड़ाई लड़ेगी। 

आरोपों को सिरे से किया खारिज

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भगवंत मान को हवाई जहाज से निकाले जाने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। कहा कि एयरलाइंस ने इसका खंडन किया है। ममता बनर्जी संघर्षों से निकली हैं। इसलिए उनके ईडी और सीबीआई से डरने का कोई औचित्य ही नहीं है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में जो भी हमने काम किए हैं, दिल्ली में आकर लोग उसे देख सकते हैं। उन्होंने अमानतुल्ला की गिरफ्तारी पर भी सवाल खड़े किए।  

आप निकालेगी 11 अक्टूबर से पदयात्रा

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर से आम आदमी पार्टी अयोध्या सरयू के किनारे से पदयात्रा निकालेगी। महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जन-जन तक जाएगी। इसका समापन प्रयागराज में संगम के तट पर होगा। सरयू से संगम तक 11 से 21 अक्टूबर तक पदयात्रा में मैं शामिल रहूंगा। महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर जनता को लामबंद किया जाएगा।