(रणभेरी): मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव से एक मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पति पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसने अरमान नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा और दोनों की एक बेटी भी हुई।
युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद उसके पति ने उस पर अपना नाम बदलने का दबाव बनाया और धीरे-धीरे उसे नकाब पहनने, नमाज पढ़ने, रोजा रखने तथा मांसाहार अपनाने के लिए मजबूर करने लगा। जब उसने इन बातों का विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा।
मामले की जानकारी मिलने पर अदलहाट थाने में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पति के खिलाफ धर्म परिवर्तन से जुड़े प्रावधानों और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
