(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारूपुर इलाके की है। यहां के निवासी राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह सुबह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। एक हमलावर बाइक से उतरकर बेहद करीब से गोली मारकर फरार हो गया, जबकि दूसरा साथी बाइक पर ही मौजूद रहा।
गोली लगने से राजीव सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि वह विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव में प्रधान पति भी थे। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, विशेषकर पंचायत से जुड़े विवाद को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर पहले से घात लगाए नजर आ रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ क्षण तक बाइक स्टार्ट करने की कोशिश करता दिखा, इस दौरान आसपास के लोग भी इकट्ठा होने लगे थे। बाद में बाइक स्टार्ट होते ही वह साथी सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले में नामजद शिकायत प्राप्त हुई है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से न केवल स्थानीय लोग सहमे हुए हैं, बल्कि वकीलों में भी रोष व्याप्त है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
