मिर्जापुर में जिम की आड़ में ब्लैकमेलिंग और कथित धर्म परिवर्तन का खेल उजागर, चार आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर में जिम की आड़ में ब्लैकमेलिंग और कथित धर्म परिवर्तन का खेल उजागर, चार आरोपी गिरफ्तार

(रणभेरी): मिर्जापुर जिले में जिम आने वाली युवतियों को निशाना बनाकर उनसे नजदीकियां बढ़ाने, फिर ब्लैकमेलिंग और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के एक गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। देहात कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, केजीएन, आयरन फायर और बी फिट जिम से जुड़े संचालकों व ट्रेनरों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि जिम में नियमित रूप से आने वाली महिलाओं से पहले दोस्ती की जाती थी, फिर प्रेम संबंधों का दिखावा कर विश्वास जीता जाता था। आरोप है कि इस दौरान युवतियों के निजी वीडियो बनाए जाते थे, जिनके जरिए उनसे पैसे की मांग की जाती थी और दबाव बनाया जाता था।

मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक चार आरोपियों-मोहम्मद शेख अली, फैसल खान, जहीर और सादाब- को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की गई। साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और मामले की विवेचना आगे भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनसे भी बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही जिम संचालनों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *