प्यार का दर्दनाक अंत: रस्सी से गला कसकर युवती की हत्या, शव पांच मीटर घसीटकर फेंका

प्यार का दर्दनाक अंत: रस्सी से गला कसकर युवती की हत्या, शव पांच मीटर घसीटकर फेंका

(रणभेरी): जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के कोइरीपुर गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि युवक युवती पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन परिवार की ओर से इस संबंध को स्वीकार नहीं किया गया। हाल ही में युवती की शादी तय होने के बाद आरोपी ने नाराज होकर इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के संबंध में परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी ने देर रात युवती को अपने घर के पास बुलाया और रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को करीब पांच मीटर तक घसीटकर घर के पास ही छोड़ दिया।

घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब परिवार के सदस्य जागे और घर के पास युवती का शव देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मृतका के चाचा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसके पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *