(रणभेरी): महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राजभवन में आयोजित सादे लेकिन अहम समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूरा शपथ ग्रहण कार्यक्रम करीब 12 मिनट तक चला।
इस मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार समारोह में मौजूद नहीं रहे। इससे पहले दिन में एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक विधान भवन में हुई, जहां सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को पार्टी का नेता चुना गया।

डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। गौरतलब है कि तीन दिन पहले 28 जनवरी को अजित पवार का बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था।
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री बनने वाली पहली महिला हैं और उन्हें विश्वास है कि वह राज्य की जनता के हित में काम करेंगी तथा स्वर्गीय अजित पवार के सपनों को आगे बढ़ाएंगी।
इधर, सुप्रिया सुले शपथ समारोह के दौरान अजित पवार की मां आशाताई पवार से मुलाकात के लिए काटेवाड़ी पहुंचीं। इस राजनीतिक घटनाक्रम ने राज्य की सियासत में नई दिशा और समीकरणों के संकेत दे दिए हैं।
