(रणभेरी): जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनएच‑124सी के पास हनुमान मंदिर के निकट तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर अचानक एक घर में घुस गया। इस हादसे में पशुओं के लिए चारा लेकर जा रही 25 वर्षीय महिला इंदु देवी की ट्रेलर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर बंधक बना लिया और सुबह करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार इंदु देवी रोज की तरह सुबह घर से पशुओं को चारा देने जा रही थीं। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर में जा घुसा। ट्रेलर की चपेट में आने से इंदु देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घर के बाहर खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अनिल कुमार और सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। वहीं प्रमोद कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुछ दिन पहले भी एक युवक ट्रेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था और वह वाराणसी के अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रहा है।फिलहाल प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा है और स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
