पहले पार्ट से भी ज्यादा तीखी होगी द केरल स्टोरी 2, मां-बच्चे के रिश्ते पर बना नया गाना रिलीज

पहले पार्ट से भी ज्यादा तीखी होगी द केरल स्टोरी 2, मां-बच्चे के रिश्ते पर बना नया गाना रिलीज

(रणभेरी): पहले भाग से उपजी तीखी बहस के बाद अब द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड एक बार फिर सिनेमा और समाज के बीच संवाद को और गहरा करने की तैयारी में है। हाल ही में फिल्म का नया गीत ‘ओ माई री’ सामने आया है, जिसने कहानी के भावनात्मक पक्ष को उजागर किया है।

मां–बच्चे के रिश्ते की संवेदनशील प्रस्तुति

‘ओ माई री’ गीत मां और संतान के बीच के अटूट रिश्ते को केंद्र में रखता है। गीत में मां के त्याग, सुरक्षा और निस्वार्थ स्नेह को बेहद सहज और भावुक अंदाज़ में उकेरा गया है। संगीतकार मन्नन शाह की धुन और गीतकार मनोज मुंतशिर के शब्द मिलकर इस रचना को आत्मीय बनाते हैं। यह गीत फिल्म की गंभीर कथा के बीच एक भावनात्मक ठहराव की तरह सामने आता है।

कहानी का दायरा और तेवर

फिल्म का टीज़र पहले भाग की तुलना में ज्यादा तीखा और गहन प्रभाव छोड़ता है। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह की यह कृति तीन हिंदू युवतियों की यात्रा को सामने रखती है, जिनकी भूमिकाएं उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाई हैं। कहानी प्रेम से शुरू होकर धीरे-धीरे एक स्याह सच्चाई की ओर बढ़ती है, जहां रिश्तों के साथ-साथ पहचान और विश्वास से जुड़े जटिल सवाल उभरते हैं।

निर्माण और रिलीज

फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि सह-निर्माता के रूप में आशिन ए शाह जुड़े हैं। इसे सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले प्रस्तुत किया जा रहा है। ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *